मसूरी: देहरादून। लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार को मसूरी-देहरादून मुख्य मार्ग पर गलोगी पावर हाउस और मैगी प्वाइंट के समीप भूस्खलन होने से सड़क पर मलबा और पत्थर आ गए। इसके चलते कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। हालांकि संबंधित विभागों की त्वरित कार्रवाई से मार्ग को जल्द साफ कर आवाजाही सामान्य कर दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भूस्खलन के दौरान पहाड़ी से लगातार छोटे-बड़े पत्थर गिरते रहे, जिससे वाहन चालकों और यात्रियों को एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थानों पर रुकना पड़ा। पर्यटन सीजन के कारण इस मार्ग पर वाहनों की संख्या अधिक होने से कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि या बड़ी दुर्घटना की सूचना नहीं है।
मसूरी-देहरादून घटना की जानकारी मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम जेसीबी मशीनों और कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंची। सड़क पर फैले मलबे और चट्टानों को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया, जिसके बाद कुछ ही समय में मार्ग को यातायात के लिए सुरक्षित घोषित कर दिया गया।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार मानसून के दौरान भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में पहले से मशीनें और आपातकालीन टीमें तैनात रखी गई हैं। किसी भी स्थान से सड़क बाधित होने की सूचना मिलने पर तत्काल राहत एवं बहाली कार्य शुरू किया जाता है, ताकि यातायात लंबे समय तक प्रभावित न रहे।




















