Lavc57.107.100
पिथौरागढ़। सीमांत क्षेत्र धारचूला में लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ी से अचानक गिरे मलबे और विशाल बोल्डरों की चपेट में आने से एक यात्री जीप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चालक की सतर्कता और त्वरित निर्णय के कारण वाहन में सवार चालक तथा एक यात्री समय रहते बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, तीनतोला–गस्कू मोटर मार्ग पर जीप गुजर रही थी। इसी दौरान पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरना शुरू हो गया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया और अपने साथ मौजूद यात्री के साथ जीप से उतरकर सुरक्षित स्थान की ओर दौड़ लगा दी। दोनों के वाहन से हटते ही भारी बोल्डर और मलबा जीप पर आ गिरा, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना स्थल पर पहाड़ी से लगातार रुक-रुककर पत्थर गिर रहे हैं, जिससे इस मार्ग पर आवागमन बेहद जोखिमपूर्ण बना हुआ है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
पिथौरागढ़ लगातार हो रही वर्षा का असर जिले के सड़क नेटवर्क पर भी पड़ा है। जिले में कुल 21 सड़कें अवरुद्ध हैं। इनमें धारचूला–तवाघाट, तवाघाट–गुंजी और न्यू सोबला–दर–तिदांग जैसे प्रमुख सीमा मार्गों के अलावा 18 ग्रामीण संपर्क मार्ग भी शामिल हैं, जिससे कई क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हुआ है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर ने बताया कि प्रभावित मार्गों को खोलने के लिए संबंधित विभागों की मशीनें और टीमें लगातार कार्य कर रही हैं। मौसम अनुकूल होते ही सभी बंद सड़कों को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
पिथौरागढ़जिले के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुककर बारिश जारी है और आसमान बादलों से घिरा हुआ है। कई स्थानों पर सुबह के समय घना कोहरा भी छाया रहा। लगातार वर्षा के कारण काली, गोरी और रामगंगा नदियों का जलस्तर सामान्य से ऊपर बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने तथा मौसम और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है।

पिथौरागढ़




















