कंचन धीमान (हरिद्वार)8 से 15 सितंबर तक मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, दावे-आपत्तियों के बाद जारी होगी अंतिम सूची
हरिद्वार, 7 सितंबर 2026।
जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन को लेकर हरिद्वार जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड के निर्देशों के तहत नगर निकायों के निर्वाचित सभासदों और सदस्यों की मतदाता सूची तैयार करने के लिए निर्धारित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला योजना समिति के रिटर्निंग अधिकारी मयूर दीक्षित के अनुसार, जिले के विभिन्न नगर निकायों से निर्वाचित प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावली तैयार की जाएगी।
इस प्रक्रिया में नगर निगम हरिद्वार, नगर निगम रुड़की, नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर एवं मंगलौर, लक्सर तथा विभिन्न नगर पंचायतों के निर्वाचित सभासदों और सदस्यों को शामिल किया जाएगा।
ये है पूरा कार्यक्रम
– 8 सितंबर 2026: निर्वाचक नामावली के प्रारूप का प्रकाशन
– 10 सितंबर 2026 तक: नामावली के संबंध में दावे और आपत्तियां दाखिल की जा सकेंगी
– 12 सितंबर 2026: प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण
– 15 सितंबर 2026: अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन
जिला प्रशासन के मुताबिक, दावे और आपत्तियों से संबंधित प्रक्रिया जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, हरिद्वार में पूरी की जाएगी।
जिला मजिस्ट्रेट ने संबंधित नगर निकायों, तहसीलों और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी अपने कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर प्रमुखता से प्रदर्शित की जाए, ताकि सभी संबंधित निर्वाचित प्रतिनिधियों तक समय रहते सूचना पहुंच सके।
प्रशासन ने नगर निकायों के सभी संबंधित निर्वाचित प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में मतदाता सूची का अवलोकन करें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति हो तो तय समय सीमा के भीतर उसे दर्ज कराएं। प्रशासन का उद्देश्य अंतिम निर्वाचक नामावली को सही, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से तैयार करना है।





















