कंचन धीमान (हरिद्वार) आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की मांग को लेकर रविवार को बहादराबाद टोल प्लाजा पर विरोध-प्रदर्शन हुआ। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के पहुंचने से टोल प्लाजा पर करीब छह घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
शांभवी पीठाधीश्वर स्वामी आनंद स्वरूप महाराज के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम को ज्ञापन सौंपा। एडीएम की ओर से ज्ञापन को केंद्र सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया।
हरिद्वार बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी मौके पर डटे रहे। इस दौरान स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने कहा कि उनकी प्रमुख मांगों में यूजीसी एक्ट और एससी-एसटी कानून को वापस लेना तथा आरक्षण व्यवस्था में संशोधन और सुधार करना शामिल है।
उन्होंने कहा कि जब तक इन मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक भाजपा और कांग्रेस के खिलाफ मतदान करने का आह्वान किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी चुनावों में मतदाता तीसरे विकल्प के रूप में अपने हितों का प्रतिनिधित्व करने वाले उम्मीदवार को समर्थन देने पर विचार करेंगे।
हरिद्वार प्रदर्शन के कारण टोल प्लाजा पर कई घंटे तक आवागमन बाधित रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हरिद्वार





















