हरिद्वार। किसान मजदूर संगठन सोसायटी (रजि.) के प्रतिनिधिमंडल ने ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर से मुलाकात कर किसानों, मजदूरों और प्रदेश के युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर मांग पत्र सौंपा। विधायक ने संगठन की मांगों को विधानसभा में प्रमुखता से उठाने का आश्वासन दिया।
हरिद्वार संगठन ने मांग पत्र में उत्तराखंड के किसानों को सिंचाई के लिए निःशुल्क बिजली और पानी उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से रखी। इसके अलावा प्रदेश में संचालित सरकारी, अर्ध-सरकारी और निजी उद्योगों में स्थानीय युवाओं एवं बेरोजगारों को कम से कम 70 प्रतिशत रोजगार देने संबंधी शासनादेश को प्रभावी रूप से लागू कराने की मांग भी उठाई गई।
हरिद्वार प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि उत्तराखंड प्राकृतिक जल एवं जलविद्युत संसाधनों से समृद्ध है। ऐसे में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। संगठन ने यह भी कहा कि प्रदेश में स्थापित उद्योगों में स्थानीय युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलने से बेरोजगारी और पलायन की समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है।
ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि किसानों और युवाओं से जुड़े इन मुद्दों को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने संबंधित मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखने का भरोसा भी दिलाया।
हरिद्वार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट महक सिंह सैनी ने कहा कि किसान मजदूर संगठन सोसायटी किसानों, मजदूरों और युवाओं के अधिकारों से जुड़े विषयों को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से लगातार उठाता रहेगा। राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण कुमार सैनी ने विधायक के आश्वासन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि सरकार इन मांगों पर सकारात्मक कदम उठाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट महक सिंह सैनी, राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण कुमार सैनी, राष्ट्रीय सचिव ब्रह्म सिंह धीमान, राष्ट्रीय संगठन मंत्री एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य नवीन मार्या, रुड़की महानगर कमेटी अध्यक्ष सतीश चंद फौजी, खानपुर विधानसभा अध्यक्ष मुनेश पाल, प्रदेश संरक्षक सुबोध कुमार शर्मा, रानीपुर विधानसभा अध्यक्ष अनुज शर्मा, धीरेंद्र, गौरव भार्गव, संजय मेहता, सुजीत गुप्ता और वरिष्ठ पत्रकार मनोज सैनी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।





















