ब्रेकिंग न्यूज़ | हरिद्वार
कंचन धीमान (हरिद्वार) सिडकुल क्षेत्र के रावली महदूद में तेज बारिश के दौरान नाले के तेज बहाव में बही छह वर्षीय बच्ची की तलाश करीब 30 घंटे बाद पूरी हो गई। मंगलवार को रानीपुर क्षेत्र में नाले से बच्ची का शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में मातम पसर गया।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थीं। सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में टीमों ने नाले के बहाव की दिशा में लगभग चार किलोमीटर के दायरे में बच्ची की तलाश की।
सर्च अभियान के दौरान नाले में कई जगह जमा कचरे और मलबे को जेसीबी की मदद से हटाया गया। लगातार प्रयासों के बाद मंगलवार को बच्ची का शव बरामद हो सका।
परिजनों ने शव की शिनाख्त कर ली है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के लिए शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया है। पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।




















