रुद्रप्रयाग यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर गौरीकुंड से आवाजाही रोकी, मलबा हटाने का काम जारी
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर शुक्रवार सुबह चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर गिरने से पैदल मार्ग बाधित हो गया। लगातार मलबा गिरने की सूचना के बाद प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की ओर पैदल आवाजाही तत्काल रोक दी। घटना में फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन मलबा और बड़े पत्थर गिरने से मार्ग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है।
सेक्टर अधिकारी गौरीकुंड ने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दूरभाष के माध्यम से जिला प्रशासन को चीरबासा हेलीपैड के पास मार्ग बाधित होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें सक्रिय हो गईं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत गौरीकुंड से केदारनाथ की ओर जा रहे यात्रियों को मार्ग में सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया है।
रुद्रप्रयाग प्रशासन के अनुसार, चीरबासा क्षेत्र में अचानक पहाड़ी से मलबे के साथ बड़े बोल्डर पैदल मार्ग पर आ गिरे। इससे रास्ते का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के साथ ही आवाजाही के लिए जोखिमपूर्ण हो गया। क्षेत्र की संवेदनशील स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मार्ग को फिलहाल यात्रियों के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है।
मार्ग को जल्द बहाल करने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। टीमों द्वारा रास्ते से मलबा और पत्थर हटाने का कार्य लगातार किया जा रहा है। इसके साथ ही पहाड़ी से दोबारा मलबा या बोल्डर गिरने की आशंका को देखते हुए पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।
रुद्रप्रयाग जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से भी चीरबासा क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मौके पर मौजूद टीमों और संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय कर मार्ग की स्थिति तथा यात्रियों की सुरक्षा संबंधी जानकारी लगातार जुटाई जा रही है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से मलबा और बोल्डर आने के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग बाधित हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल पैदल आवाजाही रोक दी गई है। उन्होंने बताया कि टीमें मलबा हटाने में जुटी हैं। मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित और आवागमन योग्य बनाए जाने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। यात्रा बहाली के संबंध में प्रशासन की ओर से अलग से सूचना जारी की जाएगी।





















