हरिद्वार। कंचन धीमान:- बाबा नीम करौरी के जीवन और उनके आध्यात्मिक संदेश पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद फिल्म की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर परिवार के साथ धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचीं। उन्होंने सिद्ध पीठ दक्षिण काली मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद महाराज से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उनके माता-पिता और दादा-दादी भी मौजूद रहे।
हरिद्वार अनुप्रिया नागर ने फिल्म को मिली सफलता के लिए संतों और ईश्वर के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि फिल्म बनाने का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके माध्यम से भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और संतों के संदेश को अधिक से अधिक लोगों, खासकर बच्चों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
हरिद्वार स्वामी कैलाशानंद महाराज ने बताया कि अनुप्रिया नागर लंबे समय से उनकी साधना और धार्मिक अनुष्ठानों से जुड़ी रही हैं और उनसे प्रेरणा लेती रही हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म के निर्माण में करीब दो करोड़ रुपये की लागत आई थी। निर्माण के दौरान एक समय ऐसी परिस्थितियां भी बनीं, जब फिल्म के भविष्य को लेकर आशंकाएं उत्पन्न हो गई थीं।
महाराज के अनुसार, कठिन दौर में अनुप्रिया ने उनसे संपर्क किया था। उस समय उन्हें भरोसा और सकारात्मक प्रेरणा मिली कि परिस्थितियां जल्द बेहतर होंगी। उन्होंने बताया कि इसके बाद हनुमानजी के दर्शन हुए और धीरे-धीरे फिल्म से जुड़ी परिस्थितियां अनुकूल होती चली गईं। स्वामी कैलाशानंद ने फिल्म की सफलता को ईश्वर की कृपा और संतों के आशीर्वाद का परिणाम बताया।




















