रुद्रपुर। काशीपुर के महुआखेड़ागंज क्षेत्र में 21 वर्षीय युवती मेहविश की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद साक्ष्य मिटाने और घटनास्थल को बदलने का प्रयास भी किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर को महुआखेड़ागंज क्षेत्र में युवती मेहविश की गोली लगने से मौत की सूचना मिली थी। इस संबंध में मृतका के परिजन फईम हुसैन पुत्र स्वर्गीय फरियाद हुसैन, निवासी महुआखेड़ागंज, काशीपुर ने 11 सितंबर को आईटीआई कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
रुद्रपुर मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, ऊधम सिंह नगर, अजय गणपति ने घटना का शीघ्र खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके बाद आईटीआई कोतवाली पुलिस की कई टीमें गठित कर नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश और सुरागरसी की जा रही थी।
12 सितंबर को आईटीआई पुलिस टीम चौकी पैगा क्षेत्र में आरोपियों की तलाश और विवेचनात्मक कार्रवाई के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अलीगंज रोड से पीपल गांव जाने वाले मार्ग पर राधास्वामी सत्संग के पास घेराबंदी की।
रुद्रपुर पुलिस ने मौके से तीन नामजद आरोपियों—साजिद, सबीना और फिजा—को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान साजिद के कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में साजिद ने बताया कि उसने यह तमंचा करीब छह महीने पहले महुआखेड़ा निवासी जमील से खरीदा था।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि घटना के दौरान साजिद की छोटी बेटी और मेहविश के बीच कथित रूप से छीनाझपटी हुई थी। इसी दौरान साजिद की छोटी बेटी के हाथ से गोली चल गई, जो मेहविश को जा लगी। गोली लगने से मेहविश की मौत हो गई।
रुद्रपुर
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद साजिद और उसकी बेटी फिजा ने फर्श पर पड़े खून के धब्बों को मिटाने का प्रयास किया। इसके बाद मृतका के शव को कथित तौर पर साजिद के घर से हटाकर उसके घर पहुंचाया गया, ताकि घटनास्थल को बदलने का प्रयास किया जा सके। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी मौके से फरार होने की तैयारी में थे, लेकिन इससे पहले ही उन्हें घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




















