हरिद्वार। जिला उद्योग केंद्र, हरिद्वार एवं मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (MUY) स्पोक सेंटर, हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), रोशनाबाद में उद्यमिता विकास एवं ‘वोकल फॉर लोकल’ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देना तथा उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।
हरिद्वार जिला उद्योग केंद्र, हरिद्वार के सहायक प्रबंधक दिनेश चन्द्र आर्य ने उद्योग विभाग एवं राज्य सरकार की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित बैंकों के माध्यम से उपलब्ध कोलेट्रल-फ्री ऋण सुविधाओं के संबंध में विद्यार्थियों को विस्तार से बताया।
मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना की ओर से इन्क्यूबेशन मैनेजर योगेन्द्र चौहान ने विद्यार्थियों को व्यवसाय में ब्रांडिंग, पैकेजिंग, मार्केटिंग, मार्केट लिंकेज और बिजनेस डेवलपमेंट की व्यावहारिक जानकारी दी। वहीं बिजनेस प्लानिंग एंड डेवलपमेंट एक्सपर्ट राव आस्कर अली ने प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने, वित्तीय सहायता प्राप्त करने, उद्यम पंजीकरण, जीएसटी पंजीकरण, ट्रेडमार्क पंजीकरण तथा अन्य आवश्यक कानूनी अनुपालनों के बारे में जानकारी साझा की।
हरिद्वार
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी उत्पाद को बाजार में उतारने से पहले उसकी प्रभावी ब्रांडिंग, आकर्षक पैकेजिंग और उचित मार्केटिंग रणनीति तैयार करना व्यवसाय की सफलता के लिए महत्वपूर्ण है। साथ ही व्यवसाय की पहचान को सुरक्षित रखने के लिए ट्रेडमार्क पंजीकरण के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
विद्यार्थियों को स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना से जुड़कर रोजगार मांगने के बजाय रोजगार सृजक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला उद्योग केंद्र एवं MUY स्पोक सेंटर की ओर से इससे पूर्व भी उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP) और सॉफ्ट टॉयज निर्माण प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं।
इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।




















