कंचन धीमान (हरिद्वार) विकास भवन सभागार में बुधवार को नवम राष्ट्रीय पोषण माह का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार डॉ. ललित नारायण मिश्र और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. सिमरनजीत कौर ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
हरिद्वार कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी अविनाश सिंह भदौरिया, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरिद्वार, विभिन्न बाल विकास परियोजनाओं के अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां, किशोरी बालिकाएं तथा गर्भवती और धात्री माताओं सहित अन्य प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का आयोजन आईटीसी मिशन सुनहरे कल के सहयोग से किया गया।
इस अवसर पर कम्युनिटी लाइब्रेरी का भी शुभारंभ किया गया। इसका उद्देश्य गांवों की माताओं और बच्चों को पुस्तकों से जोड़ना तथा उनमें पढ़ने की आदत और रुचि को बढ़ावा देना है। इसके लिए लीडर मदर्स को समुदाय के बीच पढ़ने की संस्कृति विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
हरिद्वार कार्यक्रम में किशोरी बालिकाओं को पोषण किट वितरित की गईं। वहीं ज्वालापुर इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत को विशेष बनाया।
कार्यक्रम स्थल पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आईटीसी मिशन सुनहरे कल की ओर से विभिन्न पोषण एवं जागरूकता स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों पर आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध पोषाहार से तैयार किए गए अलग-अलग व्यंजनों को प्रदर्शित किया गया। उपस्थित अतिथियों और लोगों ने इन व्यंजनों का अवलोकन किया और उनका स्वाद भी लिया।
हरिद्वार आईटीसी मिशन सुनहरे कल की ओर से शिक्षा एवं पोषण के क्षेत्र में संचालित गतिविधियों और योजनाओं से संबंधित सामग्री व मॉडल भी प्रदर्शित किए गए। कार्यक्रम के जरिए पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और बच्चों के समग्र विकास के प्रति समुदाय में जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
9 सितंबर से 9 अक्टूबर तक चलेगा पोषण माह
जनपद हरिद्वार में नवम राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन 9 सितंबर से 9 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस वर्ष अभियान की मुख्य थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” रखी गई है। पूरे एक माह के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास से जुड़ी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान के दौरान आहार में विविधता, पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं पौष्टिक हॉट कुक्ड मील, सामुदायिक सहभागिता, बाल विकास, पोषण तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इसके साथ ही पात्र महिलाओं तक प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ पहुंचाने और मातृ एवं शिशु कल्याण को बढ़ावा देने के लिए भी जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
कार्यक्रम के अंत में जनपदवासियों से पोषण माह के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की गई, ताकि सामुदायिक सहयोग से स्वस्थ, जागरूक और सुपोषित समाज के निर्माण को गति दी जा सके।
कार्यक्रम में कविता जाखड़, प्रतिभा गोस्वामी, गायत्री राणा, प्रीति भंडारी, संतोष रावत, विनीत चौहान, रेवती चौधरी, राजा भट्ट, सिद्धांत कुमार, रोहित कुमार, जोगिंदर कुमार, मीनाक्षी, सोनम और सुलोचना सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





















