कंचन धीमान (हरिद्वार) आमजन और आंगनबाड़ी केंद्रों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले के सभी 3179 आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी सभागार, हरिद्वार में समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता की। उन्होंने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप और आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्धारित संचालन समय के भीतर किया जाए।
हरिद्वार ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही केंद्रों पर बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर रहेगा। लाभार्थी समूह के बच्चों एवं अन्य प्रतिभागियों के लिए नृत्य, गीत, भाषण और कविता सहित विभिन्न गतिविधियां एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
मुख्य विकास अधिकारी, हरिद्वार की पहल पर कार्यक्रम में ‘तेजस्विनी टॉक’ नामक नवाचारी गतिविधि को भी शामिल किया गया है। इसके माध्यम से गुड़-चना, मोटे अनाज और हरी सब्जियों जैसे आसानी से उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों के सेवन के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
हरिद्वार
बैठक के बाद मुख्य विकास अधिकारी ने विकास भवन परिसर से पोषण रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पोषण रथ के माध्यम से गीतों और जागरूकता संदेशों के जरिए लोगों को संतुलित आहार एवं पोषण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी अविनाश भदौरिया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रीति गुप्ता, ऋतु गुप्ता, लव शर्मा, नरेंद्र सिंह सहित सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




















