रुद्रप्रयाग: में प्रेस वार्ता के दौरान कैबिनेट मंत्री ने सरकार की उपलब्धियों और विकास योजनाओं का किया उल्लेख
रुद्रप्रयाग: प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी प्रशासन, आधारभूत ढांचे के विस्तार, रोजगार सृजन और सामाजिक कल्याण को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश को विकसित उत्तराखंड की दिशा में आगे बढ़ा रही है।
रुद्रप्रयाग में आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2047 तक विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को ध्यान में रखकर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। उन्होंने बताया कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है। भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए लागू किए गए सख्त नकल विरोधी कानून से युवाओं का विश्वास भी मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधारभूत संरचना के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़कों का निर्माण स्वीकृत किया गया है, जबकि चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाएं राज्य की कनेक्टिविटी को नई मजबूती प्रदान कर रही हैं।
रुद्रप्रयाग: कैबिनेट मंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं का बढ़ता रुझान प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत है। इससे पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और स्थानीय व्यापार को व्यापक लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि शीतकालीन चारधाम यात्रा की पहल से धार्मिक पर्यटन को भी नया विस्तार मिला है।
उद्योग और निवेश के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है। इसके परिणामस्वरूप ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से बड़ी मात्रा में निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे भविष्य में रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म शूटिंग के लिए उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान से पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिला है।
महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए मंत्री चौधरी ने कहा कि राज्य में हजारों स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं और बड़ी संख्या में परिवार इनसे जुड़े हुए हैं। लखपति दीदी योजना, मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण योजना और मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना जैसी पहल महिलाओं और युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
रुद्रप्रयाग: उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सामाजिक सुधारों और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा और सतत विकास के क्षेत्रों में उत्तराखंड लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। आयुष्मान भारत और अटल आयुष्मान योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कैबिनेट मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड आने वाले वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार सृजन, पर्यटन विकास, आधारभूत संरचना के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।





















