देहरादून: शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार और युवाओं के मुद्दों पर होगा विशेष संवाद
आयोजित सम्मेलन में छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करना है।
राहुल गांधी का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब कांग्रेस उत्तराखंड में संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियान को तेज कर रही है। हाल ही में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने भी दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान संगठनात्मक बैठकों में भाग लिया था।
गौरतलब है कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा इससे पहले जून माह में प्रस्तावित था, लेकिन प्रतिकूल मौसम के कारण कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा था। अब संशोधित कार्यक्रम के तहत वे 17 जुलाई को देहरादून पहुंचेंगे और शाम के समय आयोजित सम्मेलन में छात्रों और युवाओं के साथ संवाद करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने बताया कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का उद्देश्य युवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता, रोजगार और युवाओं की आकांक्षाओं जैसे मुद्दों पर राहुल गांधी सीधे छात्रों की राय जानेंगे और उनसे संवाद करेंगे।
उन्होंने कहा कि रोजगार और पलायन जैसे विषय आज उत्तराखंड के युवाओं के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। बड़ी संख्या में युवा रोजगार की तलाश में राज्य से बाहर जाने को मजबूर हैं। ऐसे मुद्दों पर युवाओं की आवाज सुनना और उनके सुझावों को समझना इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य रहेगा।
कांग्रेस के अनुसार, सम्मेलन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में छात्र, युवा, शोधार्थी और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल हो सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान युवाओं के अनुभव, सुझाव और अपेक्षाओं पर खुली चर्चा की जाएगी, ताकि शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।




















