कंचन धीमान (रुड़की) बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। पिछले कई दिनों से तहसील परिसर में चल रहे अनिश्चितकालीन धरने के बाद सोमवार को बड़ी संख्या में किसान इकबालपुर गन्ना समिति कार्यालय पहुंच गए। किसानों ने कार्यालय के बाहर धरना देकर नारेबाजी की और जल्द भुगतान कराने की मांग उठाई।
उत्तराखंड किसान मोर्चा के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने समिति कार्यालय के बाहर दरी बिछाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। प्रदर्शनकारियों ने जिला गन्ना अधिकारी (डीसीओ) कपिल मोहन को ज्ञापन सौंपते हुए समस्या के समाधान के लिए दो दिन का समय दिया।
किसानों का कहना है कि उन्होंने इकबालपुर गन्ना समिति की पर्चियों के माध्यम से चीनी मिल को गन्ना उपलब्ध कराया है। ऐसे में उनका लंबित भुगतान जल्द दिलाने की जिम्मेदारी संबंधित व्यवस्था की है। किसानों ने स्पष्ट किया कि भुगतान में और देरी होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
किसान नेता गुलशन रोड ने कहा कि किसान अपना बकाया गन्ना भुगतान लेकर रहेंगे। उन्होंने बताया कि डीसीओ को दो दिन का समय दिया गया है। इसके बाद जिलाधिकारी के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में समिति कार्यालय पर तालाबंदी जैसा कदम उठाने से भी किसान पीछे नहीं हटेंगे।
वहीं, डीसीओ कपिल मोहन ने किसानों की ओर से सौंपे गए ज्ञापन की पुष्टि करते हुए कहा कि गन्ना भुगतान से संबंधित मामले में विभागीय स्तर पर कार्रवाई पहले से जारी है। जिलाधिकारी भी मामले पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस विषय पर उच्चस्तरीय बैठक प्रस्तावित है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
फिलहाल किसानों ने दो दिन का समय देते हुए आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। अब सभी की नजर प्रस्तावित बैठक और बकाया भुगतान को लेकर होने वाले फैसले पर है।





















