हरिद्वार, 29 अगस्त 2026। रक्षा बंधन और जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरिद्वार जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों और ऑनलाइन खाद्य आपूर्ति से जुड़े प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने पेंटागन मॉल स्थित मैकडोनाल्ड रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बर्गर सहित अन्य खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले कटे प्याज की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। विभाग के अनुसार प्याज खराब स्थिति में था और मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाया गया। इसके अलावा टॉर्टिला रैप के लेबल पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि से संबंधित जानकारी मिटाई हुई मिली।
निरीक्षण में खाद्य लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों और आवश्यक श्रेणियों के अनुमोदन में भी कमियां सामने आने की बात कही गई। इसके बाद संबंधित रेस्टोरेंट में मीट एवं मीट उत्पाद तथा आइसक्रीम और डेजर्ट के निर्माण व बिक्री पर तत्काल रोक लगाई गई। विभाग ने खाद्य लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति भी की है। आइसक्रीम और डेजर्ट में इस्तेमाल होने वाले कोटेड क्रिस्पीज तथा बटरस्कॉच चॉकलेट डिप के दो नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
हरिद्वार वहीं, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा की टीम ने हरिद्वार नगर क्षेत्र के आर्यनगर और ज्वालापुर में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। आर्यनगर स्थित इंस्टाकार्ट ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म की जांच के दौरान कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड, पानी की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल और स्टॉक से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके। खाद्य सामग्री के भंडारण में भी निर्धारित मानकों का पालन नहीं पाया गया। इस पर प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा पटियाला स्थित एक देशी घी निर्माता कंपनी को उत्पाद पर किए गए भ्रामक दावों के संबंध में नोटिस दिया गया। टीम ने देशी घी, भुना चना और दाल के तीन नमूने जांच के लिए लिए।
उर्स मेले को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव की टीम ने पिरान कलियर क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। यहां इलायची दाना, सोन हलवा, सोया रिफाइंड तेल और हल्दी पाउडर के चार नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए।
हरिद्वार इसी क्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडेय ने रुड़की शहर में मिठाई की दुकानों और रेस्टोरेंटों की जांच की। टीम ने बेसन लड्डू, चॉकलेट बर्फी और चॉकलेट टॉफी के तीन नमूने लिए। निरीक्षण अभियान के दौरान पुरानी तहसील और मुख्य बाजार क्षेत्र में कई दुकानें बंद होने लगीं।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, पूरे जिले में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 12 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए संग्रहित किए गए। विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित और मानक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।





















