देहरादून। चारधाम यात्रा और बड़े धार्मिक आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए उत्तराखंड में पहली बार अत्याधुनिक ‘नभ नेत्र’ ड्रोन प्रणाली का उपयोग किया जाएगा। आधुनिक तकनीक से लैस यह ड्रोन भीड़ प्रबंधन, निगरानी, आपदा प्रबंधन और राहत एवं बचाव कार्यों में सुरक्षा एजेंसियों की सहायता करेगा। इसकी तैनाती की शुरुआत आगामी कांवड़ मेले से की जाएगी।
करीब 1.5 करोड़ रुपये की लागत वाला यह हाई-टेक ड्रोन लगभग पांच किलोमीटर के दायरे में उड़ान भरने में सक्षम है। इसमें लगे हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे भीड़ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखेंगे और रियल-टाइम वीडियो एवं तस्वीरें सीधे एसडीआरएफ मुख्यालय तथा चारधाम यात्रा कंट्रोल रूम तक पहुंचाएंगे। इससे अधिकारी भीड़ की स्थिति का तत्काल आकलन कर आवश्यक निर्देश जारी कर सकेंगे।
देहरादून आपदा या किसी भी आपात स्थिति में यह ड्रोन प्रभावित क्षेत्र की लाइव तस्वीरें उपलब्ध कराएगा, जिससे राहत एवं बचाव दलों को घटनास्थल की वास्तविक स्थिति का शीघ्र आकलन करने और प्रभावी रणनीति बनाने में मदद मिलेगी। दुर्गम क्षेत्रों में भी इसकी उपयोगिता महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
एसडीआरएफ के कमांडेंट अर्पण यदुवंशी ने बताया कि ‘नभ नेत्र’ ड्रोन का संचालन आगामी कांवड़ मेले से शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तकनीक के माध्यम से भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा निगरानी, आपदा प्रबंधन और रेस्क्यू अभियान पहले की तुलना में अधिक प्रभावी और त्वरित बनाए जा सकेंगे।
ड्रोन प्रणाली को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित तकनीक से भी जोड़ा गया है, जिससे संदिग्ध गतिविधियों या असामान्य परिस्थितियों की स्थिति में सुरक्षा एजेंसियों को समय रहते अलर्ट प्राप्त हो सकेगा। इससे घटनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया देने में सहायता मिलेगी।
देहरादूनउत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) द्वारा एसडीआरएफ को उपलब्ध कराई गई इस प्रणाली के साथ एक अत्याधुनिक मोबाइल कंट्रोल वैन भी तैनात रहेगी। इसी वैन से ड्रोन का संचालन किया जाएगा और प्राप्त लाइव वीडियो तथा अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं सीधे नियंत्रण कक्षों तक भेजी जाएंगी।
राज्य सरकार और सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से चारधाम यात्रा और अन्य बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन तथा आपदा प्रतिक्रिया प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा।





















