देहरादून।
मानसून से पूर्व जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने और नदी संरक्षण को मजबूत करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने नदी-नालों की सफाई अभियान को तेज कर दिया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने राजीव नगर क्षेत्र में रिस्पना नदी में चल रहे सफाई एवं पुनरुद्धार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर सौरभ थपलियाल और मुख्य नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर सफाई कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून से पहले रिस्पना नदी की व्यापक सफाई सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या न हो और जल निकासी सुचारू बनी रहे। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा मार्च से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत अब तक लगभग 17 हजार मीट्रिक टन कूड़ा हटाया जा चुका है।
अभियान के अंतर्गत बिंदाल नदी के लगभग 8 किलोमीटर और रिस्पना नदी के 12 किलोमीटर क्षेत्र में सफाई कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा शहर के अन्य नालों और जलधाराओं की भी नियमित सफाई की जा रही है।
सफाई कार्य को गति देने के लिए 12 जेसीबी मशीनें और 15 डम्पर लगाए गए हैं, जिनकी मदद से नदी से कूड़ा, मलबा और अवरोध हटाए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि नमामि गंगे और जिला स्वच्छता समिति के माध्यम से नदी संरक्षण के लिए व्यापक कार्ययोजना बनाई जा रही है। साथ ही, बिना उपचारित नालों के पानी को रोकने और उसका उपचार करने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि रिस्पना नदी के पुनरुद्धार के लिए दीर्घकालिक योजना बनाकर चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। प्रशासन, नगर निगम और संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से नदी को पुनर्जीवित करने का लक्ष्य हासिल किया जाएगा।
इस दौरान एसएनएस राजवीर सिंह, तनवीर सिंह सहित नगर निगम और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।



















