उत्तराखंड चुनाव 2026
देहरादून:
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उत्तराखंड कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने देहरादून दौरे के दौरान संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
बुधवार को देहरादून पहुंचीं कुमारी शैलजा ने जिला और महानगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न प्रकोष्ठों, विभागों और सेल के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की।
बीजापुर गेस्ट हाउस में आयोजित इन बैठकों में पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। इस दौरान संगठन की वर्तमान स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी चुनावों की तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि संगठन निर्माण के तहत जिला और ब्लॉक स्तर पर इकाइयों का गठन किया जा चुका है। साथ ही अब तक किए गए कार्यों और कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई है।
उन्होंने कहा कि पार्टी आगामी चुनावों को पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ लड़ने के लिए तैयार है। कुमारी शैलजा का यह दौरा संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





















