इस्माइलपुर: अखिल भारतीय सैनी चेतना संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक ग्राम इस्माइलपुर में भैय्यन कुमार सैनी के संयोजन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी समय सिंह सैनी ने की, जबकि संचालन संगठन के कोऑर्डिनेटर मगनपाल सैनी ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सैनी एडवोकेट ने समाज के महापुरुषों को नमन करते हुए कहा कि आज समाज को महापुरुषों के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के आदर्शों और विचारों को अपने जीवन में उतारकर समाज को नई दिशा दी जा सकती है। उन्होंने दहेज प्रथा और मृतक भोज जैसी सामाजिक कुरीतियों को बढ़ावा न देने की अपील की।
संजय सैनी एडवोकेट ने कहा कि अखिल भारतीय सैनी चेतना संगठन राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा, कला, साहित्य, खेलकूद, कृषि और राजनीति सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रही समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने का कार्य करेगा। साथ ही संगठन आपदा प्रभावितों और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए भी तत्पर रहेगा।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी समय सिंह सैनी ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को संगठित होकर अपने गौरवशाली अतीत से प्रेरणा लेते हुए आगे बढ़ने की आवश्यकता है। वहीं वरिष्ठ नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता तथा पूर्व डायरेक्टर मुकेश सैनी ने समाज को संगठित होकर अपने अधिकारों एवं हितों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।
बैठक में संगठन के कोऑर्डिनेटर मगनपाल सैनी ने उत्तराखंड सरकार से पचेवली गंगा घाट पर महाराजा भागीरथ घाट बनाए जाने तथा महाराजा भागीरथ जी की विशाल प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में शीघ्र ही ज्ञापन दिया जाएगा। साथ ही संगठन का प्रतिनिधिमंडल उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर इस मांग को लेकर ज्ञापन प्रस्तुत करेगा।
बैठक में समाज के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी करने वाले व्यक्ति के संबंध में भी वक्ताओं ने नाराजगी व्यक्त की और कड़ी कार्रवाई की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि समाज में प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है तथा सामाजिक सौहार्द के विरुद्ध कार्य करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
बैठक को बलवीर सिंह राणा, प्रधान सुमित सैनी, विक्रम सिंह सैनी प्रधान, राजपाल सैनी, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सैनी, प्रधान अनिल सैनी और रंजन सैनी सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर लाखन सैनी, चंद्र किरण सैनी, जगपाल सैनी, राजू सैनी, सुखबीर सैनी, धर्मपाल सैनी, अशोक सैनी, प्रिंस सैनी, राकेश सैनी, लक्सर विधानसभा (BLA-1) कमलकांत मुखिया, विवेक सैनी, मोहित सैनी, मुकेश कुमार, मामचंद सैनी, विवेक कुमार, सतीश कुमार, विपिन सैनी, आशीष सैनी, निहार सैनी, रमेश चंद्र सैनी, धर्मपाल सैनी, घनश्याम सैनी, अरुण सैनी सहित सैनी समाज के अनेक प्रमुख लोग उपस्थित रहे।






















