कंचन धीमान,(हरिद्वार) ऋषिकुल मैदान में सोमवार रात धर्माचार्य एवं उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। दोनों ने सतपाल महाराज को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं एवं लोगों का मुख्यमंत्री ने देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आगामी वर्ष हरिद्वार में होने वाले कुंभ को लेकर राज्य सरकार पूरी गंभीरता से तैयारियों में जुटी है। उन्होंने कहा कि आने वाला कुंभ भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।
हरिद्वार राहुल गांधी के बयान पर सीएम धामी की प्रतिक्रिया
राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता से जुड़े प्रसंग और उनकी मिमिक्री को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री धामी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उम्र और अनुभव में वरिष्ठ हैं तथा उनके प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का भाव होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की माता के प्रति किए गए व्यवहार और उनके सम्मान से जुड़े प्रसंगों का उपहास उड़ाना उचित नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठों के प्रति सम्मान भारतीय संस्कारों का हिस्सा है और सार्वजनिक जीवन में भी इसकी मर्यादा बनाए रखी जानी चाहिए।
हरिद्वार अजीत डोभाल के मुद्दे पर भी कांग्रेस पर निशाना
मुख्यमंत्री धामी ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर कथित मिमिक्री पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि डोभाल ने देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और वे उत्तराखंड के गौरव हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों में इस मुद्दे को लेकर नाराजगी है और ऐसी घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, कम है। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर सेना तथा सैन्य अभियानों को लेकर सवाल उठाने का आरोप लगाया।
हरिद्वार
सीएम धामी ने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि सेना से जुड़े विषयों पर इस प्रकार की टिप्पणियां उचित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अजीत डोभाल जैसे वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी के संबंध में की गई मिमिक्री को लेकर भी कांग्रेस को अपनी भूमिका पर विचार करना चाहिए।




















