रुद्रप्रयाग :-ओवरटेकिंग विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो स्थानीय युवक घायल; तीन यात्री हिरासत में
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में बुधवार देर शाम
। घटना में दो स्थानीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपित यात्रियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे सुमेरपुर क्षेत्र में रेलवे निर्माण कार्य से जुड़े दो स्थानीय कर्मचारी ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हेमकुंड साहिब यात्रा पर आए कुछ यात्रियों के साथ ओवरटेकिंग को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया।
आरोप है कि छह यात्रियों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सभी आरोपित मौके से चले गए। घायलों ने उनका पीछा किया और सूचना मिलने पर तिलनी क्षेत्र स्थित एक होटल तक पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से तीन आरोपितों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि अन्य तीन मौके से फरार हो गए।
पुलिस सभी आरोपितों और घायलों को कोतवाली ले गई, जहां उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल रहा, हालांकि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।
घायल युवकों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उन्हें चेहरे और शरीर पर चोटें आईं। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। घायलों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और हिरासत में लिए गए तीन यात्रियों से पूछताछ जारी है। फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील: प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से संयम बनाए रखने तथा किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।





















