खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को खटीमा स्थित लोहियाहेड हेलीपैड कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक नागरिक की समस्या का शीघ्र एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण करते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
खटीमा उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि” के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। शासन और प्रशासन की सफलता तभी सार्थक होगी, जब आमजन को समय पर न्याय और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
खटीमा कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सामाजिक कल्याण से जुड़े विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण भी वितरित किए। इस अवसर पर 27 दिव्यांगजनों को कुल 77 सहायक उपकरण तथा 22 वरिष्ठ नागरिकों को 113 सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इनमें बैटरी चालित ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, कमोड चेयर, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र (हियरिंग मशीन), नी-ब्रेस, बैसाखियां, वॉकर, वॉकिंग स्टिक, सिलिकॉन कुशन और सीपी चेयर सहित विभिन्न उपयोगी उपकरण शामिल रहे।
इसके अलावा ग्रामोत्थान रीप योजना के तहत नारी शक्ति ग्राम संगठन, गदरपुर और सत्यमेव जयते सीएलएफ, बाजपुर को बोलेरो वाहन उपलब्ध कराए गए, जबकि एकता सीएलएफ, गदरपुर को आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए फूड वैन की चाबी सौंपी गई।
कार्यक्रम में दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, किशन सिंह किन्ना, गंभीर सिंह धामी, रणजीत सिंह नामधारी, मोहिनी पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।