हरिद्वार शहर में गुरुवार सुबह स्पेयर पार्ट्स की एक दुकान में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों को इसकी चपेट में आने से बचा लिया गया।
हरिद्वार जानकारी के अनुसार, सुबह दुकान से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने दुकान के भीतर रखे स्पेयर पार्ट्स और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए, जिससे क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हरिद्वार सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए पानी की बौछार शुरू की। लगातार प्रयास के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। हालांकि तब तक दुकान के अंदर रखी तीन पुरानी बाइक, बड़ी मात्रा में स्पेयर पार्ट्स और अन्य सामान आग की भेंट चढ़ चुका था। आग से हुए नुकसान का प्रारंभिक अनुमान लाखों रुपये में लगाया जा रहा है।
फायर स्टेशन अधिकारी बीरबल सिंह ने बताया कि सुबह दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे में आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आ रही है। हालांकि आग के वास्तविक कारण और संपत्ति को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
समय रहते आग पर काबू पाने से आसपास के क्षेत्र में बड़ा हादसा होने से टल गया।





















