नैनीताल।हल्द्वानी के वनभूलपुरा क्षेत्र में सोमवार रात बिजली के करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्री की मौत हो गई। एसी में आई तकनीकी खराबी को ठीक करने के दौरान 44 वर्षीय नदीम करंट की चपेट में आ गए। पिता को बचाने पहुंची उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिस्बा भी हादसे का शिकार हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक नदीम कार गैराज में काम करते थे। सोमवार रात वह घर की छत पर एसी की खराबी ठीक करने गए थे। इसी दौरान अचानक उन्हें बिजली का झटका लगा। उनकी चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। पिता को परेशानी में देख 12 वर्षीय अलिस्बा उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़ी। बताया जा रहा है कि पिता को छूते ही वह भी करंट की चपेट में आ गई।
नैनीताल। हादसे के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई और दोनों को उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद पिता-पुत्री दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर वनभूलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। वनभूलपुरा कोतवाल दिनेश फर्त्याल ने बताया कि पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में आसपास मौजूद खुले बिजली पोल से करंट फैलने की आशंका सामने आई है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
बताया गया है कि अलिस्बा तीन बहनों में सबसे बड़ी थी और गुरु तेग बहादुर स्कूल में कक्षा छह की छात्रा थी। पिता को बचाने की कोशिश में उसकी जान जाने की घटना से परिवार और आसपास के लोगों में गहरा शोक है।