हल्द्वानी। गोरापड़ाव मंडी चौकी क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों ने एक ऑफिस में घुसकर लाखों रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बदमाशों की संख्या करीब 10 से 12 बताई जा रही है। हथियारों के बल पर लोगों को भयभीत करने के बाद आरोपी नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि बदमाश ऑफिस से करीब आठ लाख रुपये नकद, सोने की दो चेन और 12 मोबाइल फोन लूटकर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी।
हल्द्वानी। वारदात के बाद बदमाशों की तलाश में पुलिस ने कई टीमों को सक्रिय किया है। आसपास के क्षेत्रों के साथ ही जिले की सीमाओं और प्रमुख मार्गों पर चेकिंग बढ़ा दी गई है। आने-जाने वाले वाहनों की जांच के साथ ही पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के माध्यम से बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, जिस ऑफिस में वारदात हुई है, वहां संचालित गतिविधियों से जुड़े कुछ अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। ऑफिस से जुड़े लोगों से पूछताछ कर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।
हल्द्वानी। फिलहाल पुलिस लूट की घटना में शामिल आरोपियों की संख्या, उनके हथियार, इस्तेमाल किए गए वाहन और लूटी गई संपत्ति से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। वारदात के बाद मंडी चौकी क्षेत्र में पुलिस की निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है।





















