चंपावत। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण सुविधा की शुरुआत हुई है। जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए इसे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को आदर्श जिले के रूप में विकसित करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि नई यूनिट के शुरू होने से आपात स्थिति में मरीजों को जरूरत के मुताबिक रक्त के विभिन्न घटक समय पर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। चंपावत में पहली बार यह सुविधा शुरू हुई है। इससे पहले कुमाऊं मंडल के जिला चिकित्सालयों में रुद्रपुर और पिथौरागढ़ में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन की सुविधा उपलब्ध थी।
चंपावत मुख्यमंत्री ने जिला अस्पताल में विकसित की जा रही अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक तैयार किया गया है। इसके अलावा अस्पताल में सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय में करीब 11.71 करोड़ रुपये की लागत से लोअर ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग तथा प्रथम और द्वितीय तल पर डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण कार्य भी चल रहा है। इन सुविधाओं के शुरू होने से मरीजों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
चंपावत मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चंपावत को विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उत्तराखंड के आदर्श मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। जिले के गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पाण्डेय, दायित्वधारी सुभाष बगौली, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश चंद्र तिवारी, भाजपा नेता सतीश पाण्डेय सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और अधिकारी मौजूद रहे। वर्चुअल माध्यम से जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम से जुड़े।
चंपावत 




















