ब्रेकिंग न्यूज़ | हरिद्वार
कंचन धीमान (हरिद्वार) पथरी थाना क्षेत्र के शाहपुर स्थित नर्मदेश्वर मंदिर में दानपात्र तोड़कर नकदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को पथरी रोड स्थित बिजलीघर के पास से पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशरफ अली और मोहम्मद अंसार के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से चोरी की 3,200 रुपये की नकदी के अलावा दानपात्र तोड़ने में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार, दो प्लास और एक टॉर्च बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे कुछ दिन पहले पदार्था क्षेत्र में मजदूरी के लिए आए थे। इसी दौरान उन्होंने मंदिर की रेकी की और मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।




















