हरिद्वार ब्रेकिंग न्यूज़
हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाकर खाद्य प्रतिष्ठानों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टीम ने श्रवणनाथ नगर, शिवमूर्ति चौक और रानीपुर मोड़ क्षेत्र में कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
श्रवणनाथ नगर स्थित श्री श्याम रेस्टोरेंट की रसोई में निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। रसोई में गंदगी के साथ कॉकरोच और चूहों की सक्रियता भी सामने आई। मामले में विभाग की ओर से चालानी कार्रवाई की गई। टीम ने मसाला डोसा का नमूना भी जांच के लिए लिया।
हरिद्वार निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट संचालक की ओर से मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल और पेयजल की जांच से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके। विभाग ने व्यवस्थाओं में सुधार के लिए प्रतिष्ठान को एक सप्ताह का समय दिया है।
इसी अभियान के दौरान विकास कॉलोनी स्थित भगवती ट्रेडर्स से नंद केसरी गाय के घी और गोल्डन क्राउन शहद के नमूने जांच के लिए लिए गए।
हरिद्वार
वहीं, रानीपुर मोड़ स्थित बैरागी राजमा चावल रेस्टोरेंट के पंजीकरण में भी खामी पाई गई। निरीक्षण में प्रतिष्ठान का पंजीकरण रेस्टोरेंट के बजाय फुटकर विक्रेता श्रेणी में होना सामने आया। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य गुणवत्ता और आवश्यक दस्तावेजों को लेकर सतर्कता बढ़ने की उम्मीद है।




















