कंचन धीमान (देहरादून)उत्तराखंड एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और राजपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत छह कथित ड्रग पैडलरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से कुल 44.61 ग्राम एमडीएमए बरामद की गई है, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई 22 सितंबर की रात की गई। पहली कार्रवाई ओल्ड मसूरी रोड स्थित शहंशाही रिजॉर्ट के पास की गई, जहां एक कार में सवार चार युवकों को पकड़ा गया। उनके कब्जे से 27.12 ग्राम एमडीएमए बरामद होने का दावा किया गया है।
देहरादून इसके बाद पुलिस टीम ने सहस्त्रधारा हेलीपैड के पास कार्रवाई करते हुए दो अन्य युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, इनके पास से 17.49 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार किए गए युवक देहरादून और अन्य राज्यों के शिक्षण संस्थानों से तकनीकी शिक्षा हासिल कर रहे थे। पुलिस का दावा है कि आरोपी दिल्ली निवासी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू से जुड़े हुए थे और उसके लिए नशीले पदार्थों की सप्लाई करते थे।
देहरादून पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को देहरादून में ड्रग्स उपलब्ध कराई जाती थी और कुछ मौकों पर वे खुद दिल्ली, पंजाब तथा उत्तर प्रदेश से नशीले पदार्थ लेकर देहरादून आते थे। जांच एजेंसियों का यह भी कहना है कि कथित तौर पर इन पदार्थों की बिक्री मुख्य रूप से कॉलेज छात्रों के बीच की जाती थी।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी अच्छे परिवारों से ताल्लुक रखते हैं और उच्च शिक्षा हासिल कर रहे थे। पुलिस का दावा है कि महंगे शौक पूरे करने के लिए वे कथित तौर पर नशे की तस्करी में शामिल हुए।
देहरादून
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान वेदांत चौहान (21), रचित शर्मा, श्रीकांत, चिराग रस्तोगी, अभिषेक थापा और वैभव ममगांई के रूप में बताई गई है।
राजपुर थाने में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर कथित ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।




















