हरिद्वार। लक्सर कोतवाली क्षेत्र में एंटी माइनिंग टीम पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों पर सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने, टीम पर हमला करने तथा सरकारी वाहन में तोड़फोड़ करने का आरोप है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई को ग्राम मुंडाखेड़ा क्षेत्र में अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान एंटी माइनिंग टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। आरोप है कि हमलावरों ने टीम के सदस्यों के साथ मारपीट करने के साथ ही उनके वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद टीम प्रभारी तेजा साई राजू, निवासी आंध्र प्रदेश, की शिकायत पर लक्सर कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी लक्सर के पर्यवेक्षण में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने कई संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ठिकाने बदलते रहे।
हरिद्वार मुखबिर तंत्र से प्राप्त सटीक सूचना और लगातार की गई कार्रवाई के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दीपक कुमार निवासी रायसी, सारुन निवासी केडी खुर्द, रामू निवासी कंकरखाता तथा हरविंद्र निवासी मुंडाखेड़ा खुर्द के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि एंटी माइनिंग टीम ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों से संबंधित अवैध खनन में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज किया था। इसी कार्रवाई से नाराज होकर आरोपियों ने टीम पर हमला किया था।





















