ब्रेकिंग न्यूज़: हरिद्वार में जूना अखाड़े के रमता पंचों का भव्य नगर प्रवेश
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर कुंभ-2027 की तैयारियों और धार्मिक गतिविधियों ने गति पकड़ ली है। श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों एवं संत-महात्माओं ने भव्य नगर प्रवेश किया। इस दौरान श्रद्धालुओं और संतों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
श्यामपुर कांगड़ी में मेला अधिकारी सोनिका, कुंभ मेला आईजी योगेंद्र रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर संतों का स्वागत किया। इसके बाद संतों की टोली ज्वालापुर स्थित पांडवाला पहुंची।
जानकारी के अनुसार, जूना अखाड़े के रमता पंच और संत-महात्मा यहां करीब एक माह तक प्रवास करेंगे। इसके बाद 14 जनवरी को जूना अखाड़े की भव्य पेशवाई निकाली जाएगी। पेशवाई नगर भ्रमण करते हुए मुख्य छावनी में प्रवेश करेगी।
इस अवसर पर महंत नारायण गिरी ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर संतों के नगर प्रवेश के साथ कुंभ की धार्मिक गतिविधियां शुरू हो गई हैं। उन्होंने इसे कुंभ-2027 की दृष्टि से महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन बताया।
कुंभ-2027 को लेकर बढ़ी धार्मिक गतिविधियां
जूना अखाड़े के रमता पंचों का नगर प्रवेश हरिद्वार में आगामी कुंभ की धार्मिक परंपराओं की शुरुआत का महत्वपूर्ण पड़ाव है। संतों के प्रवास और 14 जनवरी को प्रस्तावित पेशवाई के साथ धर्मनगरी में कुंभ से जुड़ी गतिविधियां आगे बढ़ेंगी। इससे श्रद्धालुओं को अखाड़े की धार्मिक परंपराओं और पेशवाई के दर्शन का अवसर मिलेगा।
कुंभ-2027 को लेकर संत समाज और मेला प्रशासन की सक्रियता के बीच अब सभी की नजरें 14 जनवरी को निकलने वाली जूना अखाड़े की पेशवाई पर टिकी हैं।




















