-
हरिद्वार में भजन माताओं का प्रदर्शन
हरिद्वार। मानदेय में बढ़ोतरी की मांग को लेकर मंगलवार को हरिद्वार जिला मुख्यालय पर भजन माताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने सरकार से वर्तमान में मिल रहे 3,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय को बढ़ाकर 18,000 रुपये करने की मांग उठाई।
धरने पर बैठी महिलाओं ने सरकार पर उनकी मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि वे लगातार अपनी सेवाएं दे रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें मिलने वाला मानदेय पर्याप्त नहीं है। महंगाई के मौजूदा दौर में 3,000 रुपये प्रतिमाह से परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि वे लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रही हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई समाधान नहीं निकला है। उन्होंने सरकार से उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने और मानदेय में बढ़ोतरी करने की अपील की।
महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो उनका धरना-प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा।





















