हल्द्वानी
हल्द्वानी में शनिवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की जान चली गई। यह दुर्घटना तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर उस समय हुई, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चौथे युवक की हालत अत्यंत गंभीर थी। उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
हल्द्वानी पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब 10 बजे एनएच-109 स्थित तीनपानी फ्लाईओवर के घुमाव पर हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लालकुआं की ओर से आ रही स्कॉर्पियो की स्कूटी से जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे यह दर्दनाक दुर्घटना हुई।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राहुल राजपूत, शिवम, आशु गौड़ा और आदि टम्टा के रूप में हुई है। सभी मृतक हल्द्वानी के पड़ाव क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
हल्द्वानी दुर्घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और यातायात को सामान्य कराया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही स्कॉर्पियो चालक की भूमिका और हादसे की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




















