खटीमा। उधम सिंह नगर जनपद के खटीमा क्षेत्र स्थित कुटरी गांव में गुरुवार को हरेला पर्व के अवसर पर आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान थारू समुदाय के 70 लोगों ने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार सनातन धर्म को पुनः अपनाया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और साधु-संतों की उपस्थिति में शुद्धिकरण हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया।
आयोजकों के अनुसार, संबंधित परिवार पूर्व में ईसाई धर्म अपना चुके थे। स्थानीय स्तर पर लगातार संवाद और सामाजिक संपर्क के बाद इन परिवारों ने स्वेच्छा से पुनः सनातन परंपरा में लौटने की इच्छा जताई। इसके बाद वैदिक विधि-विधान के साथ उनका धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया।
खटीमा : जानकारी के अनुसार, गांव में धर्म परिवर्तन को लेकर पहले भी विवाद की स्थिति बनी थी। ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कथित मतांतरण से जुड़े मामले में जांच करते हुए संबंधित आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू की थी।
ग्राम प्रधान दीपा देवी ने प्रधान प्रतिनिधि नरेंद्र सिंह, मनोहर पांडे, दीवान रावत, कविंद्र कफलिया और राधेश्याम राणा के साथ मिलकर प्रभावित परिवारों से बातचीत की। बताया गया कि संवाद के बाद सभी परिवारों ने अपनी इच्छा से सनातन धर्म में लौटने का निर्णय लिया।
खटीमा: धार्मिक कार्यक्रम में पंडित हरीश जोशी और साधु मोहन गिरी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ संपन्न कराया। अनुष्ठान के उपरांत प्रतिभागियों को कलावा बांधा गया तथा चरणामृत ग्रहण कराया गया।
ग्राम प्रधान दीपा देवी ने कहा कि समाज को अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार के प्रलोभन या भ्रामक गतिविधियों से सतर्क रहने तथा सामाजिक सौहार्द और कानून का सम्मान बनाए रखने की अपील की।




















