खटीमा: ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र में रविवार सुबह एक वयस्क टस्कर हाथी का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। घटना खटीमा रेंज के उत्तरी बनबसा कंपार्टमेंट संख्या-5 से सटे जंगल की है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी।
खटीमा: वन अधिकारियों के अनुसार, मृत हाथी के आसपास अन्य जंगली हाथियों की मौजूदगी के चलते क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। सुरक्षा के मद्देनज़र घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
खटीमा रेंज, कीलपुरा रेंज से सटी हुई है, जिसे हाथियों के प्रमुख आवागमन मार्ग (एलीफेंट कॉरिडोर) के रूप में जाना जाता है। इस क्षेत्र से हाथियों का झुंड अक्सर नेपाल सीमा तक भी आवाजाही करता है। ऐसे में वन विभाग पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
खटीमा: प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृत हाथी का शव कैनाल किनारे स्थित भूमि पर मिला। सबसे पहले इसकी सूचना वन बीट कर्मी को मिली, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया और तत्काल टीम मौके पर भेजी गई।
खटीमा: वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाथी की मौत के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि, आसपास मक्के की खेती होने के कारण करंट लगने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगा।




















