देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति, देहरादून की वेबसाइट और ‘क्षत्रिय जागरण’ स्मारिका का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
देहरादून मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक संस्थाएं समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर सामूहिक प्रयास किए जाएं तो प्रदेश के विकास को नई गति दी जा सकती है। युवाओं से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने और उत्तराखंड के विकास में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान भी किया।
देहरादूनमुख्यमंत्री ने शिक्षा को समाज के सर्वांगीण विकास की आधारशिला बताते हुए समिति से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनमें संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जागरूक और जिम्मेदार युवा ही मजबूत समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम में विधायक सुरेश सिंह चौहान सहित दिगंबर सिंह नेगी, गोविंद बिष्ट, सोहन सिंह नेगी, आशा असवाल, धनपाल रावत, किशन
भंडारी, प्रताप सिंह बिष्ट, चंदन सिंह भंडारी समेत समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।





















