रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की यात्रा के दूसरे चरण के तहत मंगलवार से हेली सेवाएं दोबारा शुरू हो गईं। सुबह मौसम अनुकूल होते ही केदारघाटी के विभिन्न हेलीपैड से केदारनाथ के लिए उड़ानों का संचालन शुरू कर दिया गया। लंबे समय से बंद हेली सेवा बहाल होने के साथ ही हेलीपैड पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी है। इससे दूसरे चरण की केदारनाथ यात्रा में भी तेजी आने की उम्मीद है।
रुद्रप्रयाग बरसात के दौरान खराब मौसम और सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए हेली सेवाओं का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। यात्रा के दूसरे चरण के लिए 15 सितंबर से उड़ान सेवाएं फिर शुरू की गई हैं। संचालन शुरू होने से पहले नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की ओर से संबंधित हेली कंपनियों की व्यवस्थाओं और सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया गया। निर्धारित मानकों पर खरा उतरने तथा आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही कंपनियों को उड़ान संचालन की अनुमति दी गई।
रुद्रप्रयागकेदारनाथ धाम के लिए केदारघाटी के तीन प्रमुख सेक्टरों से कुल आठ हेली कंपनियां सेवाएं संचालित कर रही हैं। गुप्तकाशी सेक्टर में ट्रांस भारत और चिप्सन हेली, फाटा सेक्टर में थम्बी हेली, राजश हेली एविएशन, यूनाइटेड हेली और पिलग्रिम हेली एविएशन, जबकि शेरसी सेक्टर से हिमालय हेली और एरो एविएशन श्रद्धालुओं को हेली सेवा उपलब्ध करा रही हैं।
दूसरे चरण के लिए यूकाडा की ओर से 15 से 30 सितंबर तक कुल 16 दिनों के ऑनलाइन टिकट उपलब्ध कराए गए हैं। विभाग के अनुसार इस अवधि के सभी टिकट पहले ही बुक हो चुके हैं। इससे केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा की बढ़ती मांग का अंदाजा लगाया जा सकता है।
श्रद्धालुओं को टिकट बुकिंग के दौरान सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई है। यूकाडा ने अपील की है कि हेली सेवा के टिकट केवल अधिकृत आईआरसीटीसी वेबसाइट के माध्यम से ही बुक किए जाएं। श्रद्धालुओं को किसी अनधिकृत एजेंट, व्यक्ति या वेबसाइट के जरिए टिकट बुक न करने की सलाह दी गई है, ताकि वे ऑनलाइन ठगी से बच सकें।





















