हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला को कथित तौर पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला ने परिवार की इच्छा के विरुद्ध आरोपी युवक से कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद गर्भवती होने पर पति द्वारा कथित रूप से दबाव बनाए जाने और धमकी दिए जाने से वह मानसिक तनाव में थी।
रामधाम कॉलोनी निवासी महिला के परिजनों ने 26 जुलाई को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अगले दिन तलाश के दौरान पथरी पावर हाउस के पास बैराज से महिला का शव बरामद किया गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला ने अजय नाम के युवक से कोर्ट मैरिज की थी और वह ससुराल पक्ष के व्यवहार से परेशान थी।
हरिद्वार पुलिस के अनुसार, महिला ने 25 जून 2026 को अजय से विवाह किया था। आरोप है कि गर्भवती होने के बाद पति उस पर अपनी इच्छा के मुताबिक काम करने का दबाव बनाता था। साथ ही गर्भावस्था की जानकारी मोहल्ले में सार्वजनिक करने की धमकी भी देता था। पुलिस का कहना है कि इन परिस्थितियों के चलते महिला मानसिक रूप से परेशान थी।
जांच में यह भी सामने आया कि 25 जुलाई को बहादराबाद क्षेत्र में लाल पुल के समीप नहर में महिला की मौत हुई थी। परिजनों की शिकायत और जांच के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी के मामले को 13 अगस्त को धारा 108 बीएनएस के तहत मुकदमा अपराध संख्या 283/26 में तरमीम किया।
हरिद्वार मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नामजद आरोपी अजय (28) पुत्र स्व. राजपाल, निवासी ब्रह्मपुरी, रावली महदूद, रानीपुर, हरिद्वार को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए चालान कर दिया है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।





















