पौड़ी। जिले में मंगलवार सुबह हुई तेज बारिश के बीच महरगांव में एक दो मंजिला मकान अचानक ढह गया। हादसे के समय मकान में मौजूद परिवार के चार लोगों के मलबे में दबने की सूचना है। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू करते हुए एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, एक दो वर्षीय बच्चे समेत तीन अन्य लोगों की तलाश के लिए प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें अभियान चला रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और बचाव दल मौके पर पहुंचे। मलबे में फंसी महिला को प्राथमिक उपचार के बाद सतपुली स्थित हंस चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटनास्थल पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी तैनात की गई है। एसडीआरएफ, राजस्व विभाग और पुलिस की टीमें मलबा हटाकर लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं।
पौड़ी लगातार बारिश के कारण पौड़ी जिले के कई क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की घटनाएं भी सामने आई हैं। स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने जिला आपदा नियंत्रण कक्ष पहुंचकर प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी ली और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
सतपुली-गुमखाल मार्ग को जेसीबी की मदद से यातायात के लिए खोल दिया गया है, जबकि गुमखाल-द्वारीखाल-महरगांव मार्ग को सुचारू करने के लिए भी मशीनरी मौके पर भेजी गई है। जिलाधिकारी ने बिजली, पेयजल और सड़क जैसी आवश्यक सेवाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को किसी भी तरह की बाधा को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। नदी, नालों और गदेरों में जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए लोगों से किनारों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। राहत एवं बचाव अभियान फिलहाल जारी है।पौड़ी 




















