चमोली। चारधाम यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और बदरीनाथ धाम की धार्मिक गरिमा को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बदरीनाथ पुलिस ने एक व्यक्ति को 25 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बदरीनाथ धाम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित जांच के दौरान भृगुधारा गुफा जाने वाले पैदल मार्ग पर घेराबंदी कर एक व्यक्ति को रोका गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लगभग 25 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेन्द्र सिंह (75 वर्ष) निवासी ग्राम भृगुधारा, थाना बदरीनाथ के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेते हुए आरोपी के विरुद्ध थाना बदरीनाथ में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।
चमोली मंदिर परिसर में अशोभनीय हरकत करने पर तीन युवकों के खिलाफ कार्रवाई
एक अन्य कार्रवाई में बदरीनाथ मंदिर परिसर के निकट सार्वजनिक स्थान पर अनुचित एवं अशोभनीय व्यवहार करने के आरोप में पंजाब निवासी तीन युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया। श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर की गरिमा को ध्यान में रखते हुए तीनों को कोतवाली लाकर पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बदरीनाथ धाम की धार्मिक मर्यादा भंग करने या सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिबंधित सामग्री पर लगातार नजर
चमोली पुलिस ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान धाम क्षेत्र में प्रतिबंधित वस्तुओं की आवाजाही रोकने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। हाल ही में चेकिंग के दौरान एक वाहन से बड़ी मात्रा में चिकन, मछली और शराब भी बरामद की गई थी, जिसे नियमानुसार जब्त किया गया।
बदरीनाथ धाम देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। स्थानीय धार्मिक परंपराओं एवं प्रशासनिक नियमों के अनुसार धाम क्षेत्र में मांस, मदिरा और अन्य प्रतिबंधित सामग्री का प्रवेश एवं सेवन निषिद्ध है। पुलिस ने श्रद्धालुओं और यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करें तथा धाम की धार्मिक गरिमा बनाए रखने में सहयोग करें।





















