रुद्रप्रयाग। सावन माह के पहले सोमवार पर जनपद के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मूसलाधार बारिश भी भक्तों की आस्था को डिगा नहीं सकी। सुबह से ही श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचते रहे। रुद्रप्रयाग स्थित प्राचीन भगवान कोटेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
लगातार हो रही वर्षा के चलते अलकनंदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी का पानी कोटेश्वर महादेव गुफा के समीप तक पहुंच गया, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं मां अलकनंदा भगवान कोटेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर रही हों। इस अद्भुत दृश्य ने श्रद्धालुओं की आस्था को और अधिक प्रगाढ़ कर दिया।





















