देहरादून। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते देहरादून-मसूरी राजमार्ग पर पानीवाला बैंड के समीप सोमवार को करीब 10 मीटर सड़क धंस गई, जिससे मार्ग की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन यातायात रोक दिया। सड़क के नीचे बनी रिटेनिंग वॉल क्षतिग्रस्त होने से मार्ग का एक हिस्सा कमजोर हो गया है।
प्रारंभिक स्थिति में पुलिस की निगरानी में एक लेन से सीमित यातायात संचालित कराया गया और केवल छोटे वाहनों को सावधानीपूर्वक गुजरने की अनुमति दी गई। हालांकि, लगातार बारिश और सड़क के और अधिक क्षतिग्रस्त होने की आशंका को देखते हुए शाम को उपजिलाधिकारी मसूरी के निर्देश पर इस मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से बंद कर दी गई।
यातायात बंद होने के बाद राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई वाहन वापस लौटे, जबकि दूसरी ओर से आने वाले वाहनों के कारण कुछ समय तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना के बाद लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) की टीम ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिया। विभाग की मशीनों की मदद से पहाड़ी की ओर कटान कर वैकल्पिक अस्थायी मार्ग तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि यातायात जल्द से जल्द बहाल किया जा सके।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रिटेनिंग वॉल के आसपास लगातार जल रिसाव होने की संभावना सामने आई है। लगातार पानी के बहाव से जमीन कमजोर होने के कारण दीवार अपनी स्थिति से खिसक गई, जिससे सड़क का निचला हिस्सा प्रभावित हुआ।
उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त रिटेनिंग वॉल के स्थायी उपचार के लिए विस्तृत आकलन तैयार किया जाएगा, जिसके आधार पर मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण का कार्य कराया जाएगा। विभाग का प्रयास है कि अस्थायी मरम्मत के बाद राजमार्ग को जल्द से जल्द सुरक्षित रूप से यातायात के लिए खोल दिया जाए।




















