हरिद्वार। पंचक की समाप्ति के साथ ही बुधवार सुबह से हरिद्वार में कांवड़ यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिली। देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में हरिद्वार पहुंचकर गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। शहर के प्रमुख मार्गों, घाटों और कांवड़ पटरी पर श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही बनी हुई है।
हरिद्वार प्रशासन के अनुसार, मंगलवार शाम तक लगभग 1.40 करोड़ कांवड़ यात्री गंगाजल लेकर हरिद्वार से अपने-अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान कर चुके थे। आने वाले एक-दो दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है।
बुधवार सुबह हुई बारिश के बावजूद कांवड़ यात्रा प्रभावित नहीं हुई और श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार रहा। हालांकि, कुछ स्थानों पर कांवड़ पटरी से राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर जाने को लेकर यात्रियों और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक की स्थिति भी सामने आई, जिसे समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।
हरिद्वार उधर, डाक कांवड़ यात्रियों की बढ़ती आमद को देखते हुए कनखल स्थित बैरागी कैंप भी पूरी तरह सक्रिय होने लगा है। आगामी दिनों में यहां बड़ी संख्या में डाक कांवड़ियों के पहुंचने की संभावना को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पार्किंग, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।
हर वर्ष की तरह इस बार भी बैरागी कैंप डाक कांवड़ यात्रियों का प्रमुख पड़ाव बना हुआ है। जलाभिषेक से पूर्व हजारों श्रद्धालु अपने वाहनों के साथ यहां पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
हरिद्वार





















