Oplus_16908288
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान हुए विवाद के बाद शुक्रवार देर रात ABVP कार्यकर्ताओं ने पटेलनगर थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों पर अभद्र व्यवहार और मारपीट के आरोप लगाते हुए मामले की जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों की ओर से विभागीय जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
जानकारी के अनुसार, पथरीबाग चौक पर पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक छात्र की बाइक का चालान किए जाने को लेकर पुलिसकर्मियों और छात्र के बीच कहासुनी हो गई। ABVP कार्यकर्ताओं का आरोप है कि चालान का कारण पूछने पर पुलिसकर्मियों ने छात्र के साथ अभद्रता की और मारपीट की। इसके बाद पुलिस छात्र को हिरासत में लेकर पटेलनगर थाने ले गई।
देहरादून। घटना की सूचना मिलने पर ABVP के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हिरासत में लिए गए छात्र के साथ कथित मारपीट की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
करीब दो घंटे तक थाने में कार्यकर्ताओं का विरोध जारी रहा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर पूरे मामले की विभागीय स्तर पर निष्पक्ष जांच कराने का भरोसा दिया। आश्वासन के बाद कार्यकर्ता शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
देहरादून। मामले में मीडिया रिपोर्टों के हवाले से दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस की ओर से कहा गया है कि घटनाक्रम की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ABVP कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि जांच में पुलिसकर्मी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।

देहरादून




















