रुड़की। ढंडेरा में कैंटीन संचालक अमन की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नगला इमरती क्षेत्र में देर रात पुलिस और बाइक सवार संदिग्धों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी बताए जा रहे सौरभ के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, अमन हत्याकांड के आरोपियों की तलाश के दौरान सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध बाइक से नगला इमरती क्षेत्र की ओर जा रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि इस दौरान आरोपियों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान सौरभ के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
रुड़की। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में कॉम्बिंग और चेकिंग अभियान चलाया। कुछ समय बाद फरार दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय अर्पित सैनी पुत्र कुलबीर सैनी, निवासी ग्राम ठसका, कोतवाली मंगलौर और 19 वर्षीय दीप यादव पुत्र जोगिंदर यादव, निवासी मातावाला हसन बाग, लंढौरा के रूप में हुई है।
रुड़की पुलिस के मुताबिक, घायल सौरभ ढंडेरा निवासी है और उसे अमन हत्याकांड का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को वारदात में तीन लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली है। अब पुलिस हत्या के पीछे की वजह, घटना की साजिश और वारदात में इस्तेमाल हथियारों समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि 21 अगस्त की रात ढंडेरा क्षेत्र में 26 वर्षीय कैंटीन संचालक अमन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं।





















