हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरी स्थित रविदास मंदिर मार्ग पर शनिवार सुबह सड़क किनारे एक नवजात शिशु मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नवजात को देखकर मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इसी दौरान एक महिला ने आगे बढ़कर बच्चे को उठाया और उसकी साफ-सफाई करते हुए देखभाल शुरू की।
स्थानीय महिला के अनुसार, जब वह मौके पर पहुंची तो कुछ लोग नवजात का वीडियो बना रहे थे। उसने बच्चे को उठाकर कपड़े से साफ किया और उसे अपने पास सुरक्षित रखा। महिला ने बताया कि नवजात की नाल पहले ही काटी जा चुकी थी। इसके बाद 112 पर सूचना दी गई।
हरिद्वार सूचना मिलते ही सिडकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया। पुलिस ने बाद में बच्चे को चाइल्ड हेल्पलाइन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम के सुपुर्द कर दिया।
हरिद्वार चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के अनुसार, नवजात की स्थिति फिलहाल सुरक्षित है और उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा नवजात को सड़क किनारे छोड़ने की परिस्थितियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।





















