हरिद्वार। इलेक्ट्रिक एवं इलेक्ट्रिकल सामान की दुकानों पर जीएसटी विभाग की छापेमारी के विरोध में रविवार को व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में व्यापारियों ने ज्वालापुर तहसील परिसर से चंद्राचार्य चौक तक विरोध रैली निकाली और विभागीय कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी की।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जीएसटी विभाग की छापेमारी तत्काल नहीं रोकी गई, तो सोमवार को हरिद्वार इलेक्ट्रिक एसोसिएशन से जुड़े व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर विरोध दर्ज कराएंगे और अधिकारियों को दुकानों की चाबियां सौंपने की बात कही।
हरिद्वार चंद्राचार्य चौक पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान हरिद्वार इलेक्ट्रिक एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने जीएसटी विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से प्रदेशभर में बिजली के सामान का कारोबार करने वाले व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की जा रही है, जिससे व्यापारी वर्ग में नाराजगी है।
व्यापारी नेता विशाल गर्ग ने कहा कि व्यापारी हमेशा सरकार और प्रशासन के साथ सहयोग करते हैं तथा आर्थिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यापारी के खिलाफ विभाग को कोई शिकायत या संदेह है, तो पहले नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा जाना चाहिए। उनका कहना था कि इस तरह की कार्रवाई से व्यापारियों में मानसिक दबाव की स्थिति बनती है।
हरिद्वार
वहीं एसोसिएशन के महामंत्री सुशांत शर्मा ने कहा कि सीधे छापेमारी करने के बजाय नियमानुसार प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई जारी रही तो व्यापारी वर्ग एकजुट होकर आंदोलन को व्यापक रूप देगा और दुकानों की चाबियां अधिकारियों को सौंपने का निर्णय लिया जा सकता है।
व्यापारियों ने प्रदर्शन के दौरान जीएसटी विभाग से कार्रवाई पर पुनर्विचार करने और व्यापारियों के साथ संवाद स्थापित करने की मांग की।




















