कुंभ 2027 की तैयारियां तेज
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन का विशेष स्वच्छता महाअभियान लगातार जारी है। मंगलवार को अभियान के 14वें दिन गंगा घाटों, मंदिर परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 150 बैग कपड़ा कचरा एकत्रित कर उचित निस्तारण के लिए नगर निगम हरिद्वार को सौंपा गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में कुंभ मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। मंगलवार को कनखल स्थित दक्ष मंदिर, शीतल माता मंदिर, कश्यप घाट, ऋषिकुल पुल के आसपास के घाटों, बिड़ला घाट और विष्णु घाट सहित विभिन्न स्थानों पर सफाई की गई।
अभियान में नगर निगम के साथ विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों और स्वयंसेवी संगठनों ने भागीदारी की। सफाई कार्य के दौरान जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों से कूड़ा और अन्य अपशिष्ट एकत्रित किया गया। इसके बाद कचरे को निस्तारण के लिए नगर निगम को सौंपा गया।
एचईसी संस्थान के 165 स्वयंसेवकों ने लिया हिस्सा
स्वच्छता अभियान में एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के 165 स्वयंसेवकों ने भी सक्रिय भागीदारी की। वहीं, कोर यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं ने कश्यप घाट और ऋषिकुल पुल के आसपास के घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया।
जिला पंचायत की ओर से बहादराबाद विकासखंड के जमालपुर कलां और पंजनहेड़ी सहित अन्य क्षेत्रों में भी सफाई अभियान संचालित किया गया। प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इन क्षेत्रों में 54 किलोग्राम सूखा कचरा और 153 किलोग्राम गीला कचरा एकत्रित किया गया।
गंगा में कपड़े और अपशिष्ट प्रवाहित न करने की अपील
जिला प्रशासन ने कुंभ मेला-2027 से पहले गंगा घाटों, मंदिर परिसरों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए अभियान में आमजन एवं सामाजिक संगठनों से सहयोग मांगा है। प्रशासन ने लोगों से गंगा घाटों पर कूड़ा न फैलाने और पुराने कपड़ों सहित अन्य अपशिष्ट सामग्री को गंगा में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थानों पर जमा कराने की अपील की है।
प्रशासन का कहना है कि इस तरह के सामूहिक प्रयासों से गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने और कुंभ मेले की तैयारियों को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इन संस्थाओं ने भी निभाई भागीदारी
अभियान में श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम, आईटीसी मिशन सुनहरा कल, आदर्श युवा समिति, डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स, डीएवी पब्लिक स्कूल की एनएसएस यूनिट, एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस और सोनिया फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी उमराव सिंह, जिला समन्वयक डॉ. एसपी सिंह, सहायक नगर आयुक्त गौरव रावत, डीएवी पब्लिक स्कूल की अमिता सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकान्त, सफाई निरीक्षक मोहित कुमार सहित नगर निगम के कर्मचारी और पर्यावरण मित्र भी मौजूद रहे।



















