मंगलौर। मंगलौर में 18 अगस्त को पुराना नहर पुल के पास मिले अज्ञात महिला के शव की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान ओली माजरा निवासी अरविंद की पत्नी कविता के रूप में हुई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मृतका की बेटी उन्नति और उसके कथित प्रेमी आकाश चौहान को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, शव मिलने के बाद मृतका की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाना सबसे बड़ी चुनौती थी। जांच के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे करीब 216 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान एक ब्रेजा कार संदिग्ध रूप से सामने आई, जिसके बाद जांच ने अहम मोड़ लिया।
मंगलौर सीसीटीवी फुटेज से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस मृतका के परिजनों और करीबियों तक पहुंची। पूछताछ में सामने आया कि मृतका की बेटी उन्नति का आकाश चौहान के साथ प्रेम प्रसंग था। पुलिस के अनुसार, कविता इस रिश्ते का विरोध कर रही थी।
मंगलौरआरोप है कि मां के विरोध से नाराज उन्नति ने आकाश के साथ मिलकर कविता को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस ने गहन पूछताछ और जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, हत्या में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार और चाकू भी बरामद कर लिए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।